भारत की जवाबी कार्रवाई से घबराया पाकिस्तान, पीएसएल के बाकी मैच यूएई शिफ्ट

By: PalPal India News
May 9, 2025

नई दिल्ली. भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बड़ा फैसला लिया है। एचबीएल पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) सीजन 10 के शेष आठ मुकाबले अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेले जाएंगे। शुक्रवार को जारी आधिकारिक बयान में PCB ने पुष्टि की कि सुरक्षा कारणों के चलते रावलपिंडी, मुल्तान और लाहौर में होने वाले मैच अब यूएई में आयोजित किए जाएंगे। टूर्नामेंट की नई तारीखों और स्थलों की जानकारी जल्द ही साझा की जाएगी।

PCB अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए कहा कि बोर्ड हमेशा से राजनीति और खेल को अलग रखने का पक्षधर रहा है, लेकिन वर्तमान हालात को देखते हुए खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोपरि है।

नकवी ने आरोप लगाया कि भारत ने जानबूझकर रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम को निशाना बनाया ताकि PSL को बाधित किया जा सके। उन्होंने कहा, “हमारे पास कोई विकल्प नहीं था, क्योंकि घरेलू और विदेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता।”

यह फैसला ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तान की ओर से भारत पर ड्रोन और मिसाइल हमलों की कोशिश के बाद भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई की है, जिससे सीमा पर तनाव चरम पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *