लखनऊ. पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकी हमले के बाद ज्यादातर लोगों ने जम्मू-कश्मीर का टूर कैंसल कर दिया था। अब पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना के हमले के बाद भी लोगों ने जम्मू-कश्मीर का टूर रद्द करना शुरू कर दिया है। इस कारण ट्रैवल एजेंसियों में टूर पैकेज का कैंसलेशन बढ़ गया है। 20 मई तक की लगभग सभी बुकिंग कैंसल कर दी गई हैं। आलम यह है कि लोग केदारनाथ और बद्रीनाथ जैसे धार्मिक स्थलों की बुकिंग भी कैंसल कर रहे हैं।
इस बार गर्मी में लखनऊ के लोगों ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी इलाकों में घूमने के लिए सबसे ज्यादा बुकिंग करवाई है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद सुरक्षा कारणों से कई प्रतिबंध को लागू कर दिए गए हैं। कई राज्यों के एयरपोर्ट पर 10 मई तक फ्लाइटों का संचालन बंद कर दिया गया है। श्रीनगर, जम्मू, लेह, चंडीगढ़, बीकानेर, जोधपुर, राजकोट, धर्मशाला, अमृतसर, भुज और जामनगर समेत कई एयरपोर्ट फिलहाल बंद है। इस कारण फ्लाइटें भी रद्द कर दी गई हैं।
इसका सीधा असर पर्यटन पर दिखने गया है। यही वजह है कि लखनऊ में 20 मई तक के लगभग सभी टूर पैकेज कैंसल कर दिए गए हैं। ट्रैवल्स ऐंड ट्रांसपोर्ट ओनर्स वेलफेयर असोसिएशन के अध्यक्ष पियूष गुप्ता ने बताया कि इस साल गर्मी में बुकिंग की बंपर शुरुआत हुई थी, लेकिन अब हालात बिगड़ते जा रहे हैं।
एयर स्ट्राइक के बाद फ्लाइटें रद्द होने से पहाड़ी इलाकों में घूमने गए पर्यटक भी मुसीबत में है। कई पर्यटक फ्लाइट रद्द होने के बाद ट्रिप अधूरा छोड़कर प्राइवेट टैक्सियों और ट्रेन लौट रहे हैं। ट्रैवल्स ऑपरेटरों का कहना है कि प्राइवेट गाड़ियों से वापसी में चार से पांच गुना तक किराया देना पड़ रहा है।