नई दिल्ली. भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से एहतियात बरतते हुए दिल्ली सरकार ने सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी हैं। साथ ही, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली पुलिस ने शहरभर में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात में गश्त बढ़ा दी गई है और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है। सभी ज़ोन के विशेष आयुक्त, अपने-अपने क्षेत्रों के उपायुक्तों के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो।
नई दिल्ली जिले के अधिकारियों ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन प्रणालियों की समीक्षा की जा रही है। इसके तहत आपातकालीन योजनाओं को सक्रिय रखा गया है और संसाधनों की उपलब्धता का मूल्यांकन किया जा रहा है।
पूर्वी दिल्ली के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, प्रशासन त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली की गहन समीक्षा कर रहा है ताकि किसी भी खामी को समय रहते दूर किया जा सके। इसके तहत ज़िले स्तर पर सतर्कता और तालमेल बढ़ाने पर ज़ोर दिया जा रहा है।
दिल्ली में प्रमुख प्रतिष्ठानों और संवेदनशील इलाकों पर अर्धसैनिक बलों सहित अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। पुलिस और प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।