धोनी अब भी सीएसके के लिए ‘मैच फिनिशर’, उन्हें नजरअंदाज करना नामुमकिन: संजय बांगड़

By: PalPal India News
May 9, 2025

नई दिल्ली। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) पर दो विकेट से मिली रोमांचक जीत के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कोच संजय बांगड़ ने महेंद्र सिंह धोनी की परिपक्वता और शांत नेतृत्व की तारीफ की है। बांगड़ के अनुसार, धोनी अब भी टीम के लिए फिनिशर की अहम भूमिका निभा रहे हैं और मुश्किल परिस्थितियों में उनकी मौजूदगी को अनदेखा करना आसान नहीं है।

ईडन गार्डन्स में हुए मुकाबले में केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 179 रन बनाए। जवाब में सीएसके की शुरुआत डेवाल्ड ब्रेविस के 25 गेंदों में तेजतर्रार 52 रन से हुई। बाद में शिवम दुबे और धोनी ने मिलकर मैच को अंतिम ओवर तक पहुंचाया।

अंतिम दो ओवरों में चेन्नई को 18 रन की जरूरत थी, जब केकेआर ने तेजी से वापसी करते हुए दुबे और नूर अहमद को आउट कर दिया। आखिरी ओवर में सिर्फ दो विकेट बचे थे और आठ रन चाहिए थे, तभी धोनी ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर अपने पुराने अंदाज़ की याद दिला दी और टीम को जीत दिला दी।

संजय बांगड़ ने कहा, “धोनी ने दबाव को अच्छी तरह संभाला और शिवम दुबे के साथ मिलकर संयम से खेलते हुए सही मौके का इंतजार किया। उन्होंने समझदारी से स्ट्राइक रोटेट की और गेंदबाजों की गलती का फायदा उठाया। यही उनकी खासियत है। सीएसके को एक बार फिर उनकी जरूरत पड़ी और उन्होंने साबित कर दिया कि वह अब भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। हाल की तीन जीतों में से दो में उन्होंने आखिरी ओवरों में निर्णायक भूमिका निभाई है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *