नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच जारी सैन्य टकराव शुक्रवार रात नए मोड़ पर पहुंच गया, जब पाकिस्तान ने भारत पर छह बैलिस्टिक मिसाइलें दागने का आरोप लगाया। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद सीमा पर तनाव और अधिक बढ़ गया है।
पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क विभाग (ISPR) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने दावा किया है कि भारत ने पंजाब स्थित आदमपुर एयरबेस से छह बैलिस्टिक मिसाइलें लॉन्च की हैं। उनका कहना है कि यह भारत का “गैर-जिम्मेदाराना और खतरनाक कदम” है, जो पूरे क्षेत्र की स्थिरता को खतरे में डाल सकता है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि भारत इसी तरह की आक्रामक नीति अपनाता रहा, तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।
इससे पहले शुक्रवार शाम से पाकिस्तान की ओर से भारत के 26 नागरिक क्षेत्रों में ड्रोन हमलों की कोशिश की गई थी। हालांकि, भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने समय रहते सभी हमलों को नाकाम कर दिया। सूत्रों के अनुसार, यह मिसाइल हमले पाकिस्तान के उकसावे का जवाब हो सकते हैं, लेकिन भारत सरकार की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
तेज होते सैन्य हालात को देखते हुए पाकिस्तान ने शनिवार दोपहर 12 बजे तक अपने वायु क्षेत्र को पूरी तरह बंद करने का आदेश जारी किया है। यह फैसला रावलपिंडी और रफीकी एयरबेस पर हुए विस्फोटों के बाद लिया गया, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।
पाकिस्तान का दावा है कि भारत की ओर से किए गए मिसाइल हमलों में उसके चार प्रमुख एयरबेस — नूर खान (रावलपिंडी), रफीकी (झंग), मुरीद बेस (चकवाल) और एक एयरबेस इस्लामाबाद के नजदीक — को निशाना बनाया गया। इन ठिकानों पर हुए धमाकों की आवाज़ें कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दीं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और वे रात के समय अपने घरों से बाहर निकल आए।