नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के मद्देनज़र केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए देश के 28 हवाई अड्डों को 15 मई सुबह 5:29 बजे तक अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया है। यह कदम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पाकिस्तान की ओर से मिसाइल और ड्रोन हमलों की आशंका के चलते उठाया गया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने पहले यह बंदी 10 मई तक घोषित की थी, जिसे अब आगे बढ़ा दिया गया है।
प्रभावित हवाई अड्डों में श्रीनगर, जम्मू, लेह, चंडीगढ़, अमृतसर, जोधपुर, भुज, जमनगर और राजकोट जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं। इन स्थानों पर हवाई सेवाएं पूरी तरह से ठप रहेंगी — न तो कोई उड़ान रवाना होगी और न ही कोई विमान उतर सकेगा।
इंडिगो एयरलाइंस ने अपने बयान में कहा है कि सरकारी निर्देशों के अनुसार सभी प्रभावित रूट्स की उड़ानें 15 मई की सुबह तक रद्द रहेंगी। यात्रियों को रीबुकिंग शुल्क में छूट या टिकट का पूरा रिफंड दिया जाएगा।
एयर इंडिया ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी दी कि जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, चंडीगढ़, भुज, जमनगर और राजकोट से उड़ानें तय तारीख तक स्थगित रहेंगी। कंपनी यात्रियों को एक बार की रीबुकिंग या पूरा रिफंड देने की सुविधा दे रही है।
प्रधानमंत्री मोदी की उच्चस्तरीय बैठक
गंभीर होते हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें सेना के पूर्व प्रमुखों, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल भी शामिल हुए। बैठक में सीमा पर बनी स्थिति और आवश्यक सुरक्षा उपायों को लेकर गंभीर विचार-विमर्श किया गया।