पुलिस से बचने के लिए टावर पर चढ़ा रेप का आरोपी, बिजली के टावर पर चढ़ किया हाई वोल्टेज ड्रामा

By: PalPal India News
May 12, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिमामला मध्य प्रदेश के मुरैना का है। यहां एक रेप का आरोपी स्थानीय लोगों और पुलिस से बचने के लिए एक बिजली के टावर पर चढ़ गया और उसने खूब हाई वोल्टेज ड्रामा किया। इस पूरी घटना का VIDEO भी सामने आया है, जिसमें युवक को बिजली के टावर पर चढ़ते हुए देखा जा सकता है। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से युवक को टावर से नीचे उतार लिया और रेप का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।

क्या है पूरा मामला?

मुरैना के कुटरावली गांव से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन पर एक युवक के चढ़ने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही सैकड़ों ग्रामीण जमा हो गए। पीडि़त परिवार ने बताया कि आरोपी युवक का नाम सोनू जाटव है और वह धोबीपुरा थाना चिन्नोनी का निवासी है।

गांव कुटरावली की एक महिला अपने ससुर को खेत पर खाना देने जा रही थी। इसी दौरान खरदिया नाले के पास नकाबपोश युवक ने महिला को पकड़ लिया और उसके साथ रेप किया। इस दौरान आरोपी युवक ने महिला के साथ मारपीट भी की। जैसे ही महिला, युवक के चंगुल से छूटी तो उसने शोर मचा दिया। जिसके बाद खेतों में काम कर रहे महिला के ससुर और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी युवक का पीछा करने लगे। इसी दौरान युवक इनसे बचने के लिए बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया।

आरोपी युवक 3 घंटे तक ड्रामा करता रहा। ग्रामीणों ने उसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। कैलारस पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने क्या कहा?

इस घटना पर थाना कैलारस के उप निरीक्षक राममंत्र गुप्ता ने बताया, ‘कैलारस थाने में सूचना आई कि ग्राम कुटरावली में एक व्यक्ति किसी विवाद के चलते टावर पर चढ़ गया है, तो कैलारस पुलिस मौके पर पहुंची और उस व्यक्ति को सुरक्षित उतारा। उक्त विवाद के संबंध में एक महिला द्वारा रेप का मामला उक्त टावर पर चढ़ने वाले आरोपी के खिलाफ पंजीबद्ध कराया गया है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *