नकली शराब पीने से 14 लोगों की मौत, 6 की हालत गंभीर,पांच गांवों के लोग हुए प्रभावित

By: PalPal India News
May 13, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिअमृतसर के मजीठा में नकली शराब पीने से 14 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 6 लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। इसमें मुख्य सप्लायर भी शामिल है। वहीं और कितने लोगों ने यह शराब पी है, इस बारे में भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने बताया है कि करीब पांच गांवों के लोग जहरीली शराब से प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा इस मामले में दो एफआईआर दर्ज की गई है।

पांच गांवों के लोग प्रभावित

उन्होंने आगे कहा, “हमें पंजाब सरकार की ओर से सख्त निर्देश दिए गए हैं कि नकली शराब के सप्लायरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। छापेमारी जारी है। जल्द ही शराब बनाने वालों को हिरासत में लिया जाएगा। सख्त कार्रवाई के तहत 2 एफआईआर दर्ज की गई हैं। नागरिक प्रशासन और हम घर-घर जाकर पता लगा रहे हैं कि किसने यह शराब पी है, ताकि और लोगों की जान बचाई जा सके। 14 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 6 लोग अभी अस्पताल में भर्ती हैं। यह घटना 5 गांवों में हुई।”

मेडिकल टीमें कर रही जांच

वहीं अमृतसर की डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी ने कहा, “मजीठा में एक दुर्भाग्यपूर्ण त्रासदी हुई है। हमें कल रात पता चला, हमें 5 गांवों से रिपोर्ट मिली कि कल शराब पीने वाले लोगों की हालत गंभीर है। हमने अपनी मेडिकल टीमें भेजीं। हमारी मेडिकल टीमें अभी भी घर-घर जा रही हैं। लोगों में कुछ लक्षण हों या न हों, हम उन्हें अस्पताल ले जा रहे हैं ताकि हम उन्हें बचा सकें। अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। सरकार हर संभव मदद कर रही है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि मौतों का यह आंकड़ा न बढ़े। हमने आपूर्तिकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच चल रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *