दुल्हन की विदाई की रस्म के वक्त हुई दुल्हे की मौत, पूरे परिवार में मातम का माहौल

By: PalPal India News
May 14, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधियूपी के फतेहपुर में एक शादी समारोह के दौरान दूल्हे की मौत हो गई। इस घटना के बाद शादी समारोह में हड़कंप मच गया। यहां शादी के बाद जब विदाई की रस्म हो रही थी, इसी दौरान दूल्हे की मौत हो गई। दुल्हन की मांग का सिंदूर महज कुछ घंटों में ही उजड़ गया। इस घटना से पूरे परिवार में सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

आईये जानते है पूरा मामला?

यूपी के फतेहपुर जिले के बिंदकी तहसील क्षेत्र में एक शादी के दौरान विदाई की रस्म चल रही थी  जिसके बाद दूल्हे की अचानक मौत हो गई। दूल्हा मोनू गौतम बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

कार्यक्रम में डीजे की धुन पर दूल्हे सहित दुल्हन पक्ष के रिश्तेदारों ने जमकर डांस किया और जयमाला की रस्म अदा हुई। रात में दूल्हे ने दुल्हन के साथ सात फेरे लिए। शादी की सभी रस्में पूरी करने के बाद जब दुल्हन की विदाई का कार्यक्रम चल रहा था और दुल्हन कार में बैठ चुकी थी, इसी दौरान दूल्हा बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। आनन-फानन में लोगों ने दूल्हे के ऊपर पानी की छींटे डाले और उसे उठाने का प्रयास किया लेकिन हालात खराब देख सभी लोग दूल्हे को हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद दूल्हे को रेफर कर दिया। दूल्हे को कानपुर ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

दूल्हे की मौत के बाद विदाई रोक दी गई और लड़की पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि दूल्हे की बीमारी की जानकारी उनसे छिपाई गई थी। उन्होंने दहेज समेत शादी में दिया गया सारा सामान वापस मांगा। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *