पलपल इंडिया प्रतिनिधि। एमपी बोर्ड 10वीं और 12वीं की दूसरी बार परीक्षा देने वाले छात्रों का टाइम टेबल जारी कर दिया गया है। यह परीक्षा 17 जून से शुरू होगी। इस परीक्षा में वे छात्र शामिल हो सकते हैं जो पहली परीक्षा में फेल हो गए थे या अनुपस्थित रहे थे। इसके अलावा, जो छात्र पास हो गए हैं वे श्रेणी सुधार के लिए भी परीक्षा दे सकते हैं।
यहां बता दें कि नई शिक्षा नीति के तहत अब छात्रों की पूरक परीक्षा नहीं आएगी। अब छात्र जिन विषयों में फैल हुए हैं, उनकी दोबारा से परीक्षा देनी होगी और उनकी अंक सूची में सप्लीमेंट्री भी लिखा हुआ नहीं आएगा। यदि छात्र सभी विषयों में फेल हैं, तो वह सभी विषयों की परीक्षा दे सकता है।
बोर्ड ने द्वितीय परीक्षा के लिए टाइम टेबल भी जारी कर दिया है। दूसरी परीक्षा में परीक्षा केंद्र पर पहुंचने से लेकर अन्य जो भी नियम हैं वे फरवरी-मार्च में हुई परीक्षा वाले ही रहेंगे।
इसलिए खास है यह परीक्षा
दूसरी परीक्षा में छात्र सभी विषयों की परीक्षा दे सकते हैं। इसके साथ ही जो छात्र पास हो गए हैं, वे श्रेणी सुधार के लिए भी परीक्षा दे सकते है। साथ ही किसी वजह से पहली परीक्षा में अनुपस्थित रहे छात्र या परीक्षा में समय पर न पहुंचने वाले सभी छात्रों को इस परीक्षा में मौका मिलेगा।

