कश्मीर। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल क्षेत्र में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। बुधवार को त्राल के नादिर गांव में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादी मारे गए। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है, क्योंकि अंदेशा है कि 2 से 3 आतंकी और छिपे हो सकते हैं।
48 घंटे में दूसरी बड़ी कार्रवाई
यह एनकाउंटर बीते दो दिनों में पुलवामा और शोपियां में हुई दूसरी बड़ी आतंकी कार्रवाई है। मंगलवार को शोपियां जिले में चलाए गए ‘ऑपरेशन केलर’ में लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकियों को मार गिराया गया था। मारे गए आतंकियों की पहचान शाहिद कुट्टे और अदनान शफी डार के रूप में हुई है। शाहिद, शोपियां का रहने वाला था और एक बीजेपी सरपंच की हत्या में शामिल था, जबकि अदनान एक गैर-स्थानीय मजदूर की हत्या में लिप्त पाया गया।
खुफिया इनपुट पर आधारित टारगेटेड ऑपरेशन
त्राल में चल रहा अभियान पूरी तरह से खुफिया जानकारी पर आधारित है। सुरक्षाबल घर-घर तलाशी ले रहे हैं और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया है।
पहलगाम हमले के बाद बढ़ी सतर्कता
हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में कुछ पर्यटकों की जान जाने के बाद से घाटी में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। हमले में शामिल आतंकियों की तलाश जारी है और उनकी जानकारी देने वालों को 20 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। शोपियां समेत कई इलाकों में इन आतंकियों के पोस्टर भी लगाए गए हैं।