लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। पटना से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस में अचानक आग लग गई, जिससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसा मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के किसान पथ पर हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में काफी संख्या में यात्री सवार थे। जैसे ही बस किसान पथ के पास पहुंची, उसमें अचानक आग लग गई और कुछ ही देर में धुएं से पूरी बस भर गई। कई यात्री किसी तरह खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर जान बचाने में सफल रहे, लेकिन पांच यात्रियों की जलकर मौत हो गई। सभी मृतक दिल्ली कामकाज के सिलसिले में जा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जारी एक पोस्ट में लिखा गया, “मुख्यमंत्री ने लखनऊ में बस हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है और जिला प्रशासन को मौके पर राहत कार्यों में तेजी लाने व घायलों को तत्काल उचित चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है।”