पलपल इंडिया प्रतिनिधि। टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ को ट्यूमर हो गया है। एक्ट्रेस के पति ने इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि ये ट्यूमर काफी बड़े साइज का है। अब एक्ट्रेस को सर्जरी से गुजरना पड़ेगा। आईये जानते है क्या है यह बिमारी?
ससुराल सिमर से फेमस हुइ एक्टर दीपिका कक्कड़ टेलीविजन की सबसे पसंदीदा एक्टर मानी जाती है। इन्हें लोग काफी पसंद करते हैं। अब हाल ही में कपल ने एक बड़ी अपडेट दी है। शोएब इब्राहिम ने अपने व्लॉग में वाइफ और एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ की हेल्थ को लेकर बात की और बताया की वो ठीक नहीं है और काफी दर्द में हैं। हैरान-परेशान नजर आ रहे शोएब ने जानकारी दी कि तकलीफ से जूझ रहीं दीपिका कक्कड़ को टेनिस बॉल के बराबर ट्यूमर हो गया है। इसे साथ ही उन्होंने फैंस से दुआ करने के लिए कहा।
अपने व्लॉग में शोएब ने दीपिका की बीमारी के बारे में बात करते हुए कहा, ‘दीपिका ठीक नहीं है थोड़ा सा उसके पेट में समस्या है जो गंभीर है। जब मैं चंडीगढ़ में था तो दीपिका के पेट में दर्द होने लगा और शुरू में हमें लगा कि यह एसिडिटी की वजह से है और उसने इसे एसिडिटी से संबंधित समस्या समझकर इलाज कराया। लेकिन जब दर्द ठीक नहीं हुआ तो उसने हमारे पारिवारिक डॉक्टर से सलाह ली, जिन्होंने हमारे पिता का भी इलाज किया था। उन्होंने कुछ एंटीबायोटिक्स दीं और उसे रक्त परीक्षण करवाने के लिए कहा। फिर वह 5 मई तक एंटीबायोटिक्स पर रही और जब मैं वापस आया तो वह ठीक थी। फिर पापा के जन्मदिन के बाद उसे एक बार फिर दर्द होने लगा और इस बीच रक्त परीक्षण की रिपोर्ट आई जिसमें संकेत मिला कि उसके शरीर में संक्रमण है।’
डॉक्टर ने हमें सीटी स्कैन कराने के लिए कहा और उसमें पता चला कि दीपिका के लीवर के बाएं हिस्से में ट्यूमर है। यह आकार में टेनिस बॉल जितना बड़ा है। यह हमारे लिए बहुत चौंकाने वाला था।’ शोएब ने व्लॉग में कहा कि डॉक्टरों ने दीपिका को आगे के इलाज के लिए भर्ती होने के लिए कहा है। हालांकि शुरुआती रिपोर्ट में पता चला कि यह कैंसर नहीं है, सीटी स्कैन से साबित हुआ है कि ये एक ट्यूमर है, लेकिन अब एक और अहम जांच की गई है, जिसकी रिपोर्ट आना बाकी है। दीपिका के लीवर से ट्यूमर को निकालने के लिए सर्जरी की जाएगी। आज अभिनेत्री की लीवर एक्स्पर्ट से बात होगी, जिसके आधार पर ही आगे की मेडिकल प्रोसीडिंग की जाएंगी।