तकनीकी खराबी के चलते इसरो का EOS-09 मिशन विफल, ISRO प्रमुख बोले – “हम जल्द लौटेंगे”

By: PalPal India News
May 18, 2025

नई दिल्ली. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का महत्वाकांक्षी ईओएस-09 मिशन रविवार को तकनीकी खामी के चलते असफल हो गया। इस मिशन को पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (PSLV-C61) के ज़रिए श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से सुबह 5:59 बजे लॉन्च किया गया था। हालांकि लॉन्च के शुरुआती दो चरण सफल रहे, लेकिन तीसरे चरण में तकनीकी दिक्कत के कारण मिशन अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच सका।

इसरो ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर जानकारी दी कि PSLV-C61 का प्रदर्शन दूसरे चरण तक सामान्य था, लेकिन तीसरे चरण में तकनीकी गड़बड़ी के चलते उपग्रह को उसकी निर्धारित सूर्य समकालिक ध्रुवीय कक्षा में स्थापित नहीं किया जा सका।

इसरो प्रमुख डॉ. वी. नारायणन ने मिशन की विफलता की पुष्टि करते हुए कहा, “पीएसएलवी के पहले दो चरण सफल रहे, लेकिन तीसरे चरण में तकनीकी खामी के चलते मिशन को पूरा नहीं किया जा सका। हम इसका विश्लेषण करेंगे और जल्द वापसी करेंगे।” EOS-09 एक उन्नत पृथ्वी अवलोकन उपग्रह था, जिसमें सी-बैंड सिंथेटिक एपर्चर रडार (SAR) तकनीक का इस्तेमाल किया गया था। यह उपग्रह हर मौसम और दिन-रात की परवाह किए बिना धरती की उच्च-रिजॉल्यूशन इमेज लेने में सक्षम होता। इसे विशेष रूप से कृषि, वन प्रबंधन, आपदा नियंत्रण और रक्षा क्षेत्रों के लिए डिजाइन किया गया था।

यह इसरो के PSLV रॉकेट की कुल 63वीं उड़ान और इसके एक्सएल वर्जन की 27वीं उड़ान थी। मिशन में लंबे समय तक टिकने वाला फ्यूल भी शामिल था, जिससे उपग्रह के जीवनकाल के बाद उसे सुरक्षित तरीके से अंतरिक्ष से हटाया जा सके। इस असफलता के बावजूद इसरो का हौसला बुलंद है और संगठन जल्द ही सुधार के साथ अगली उड़ान के लिए तैयार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *