सनराइजर्स हैदराबाद ने लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर तोड़ी उनकी प्लेऑफ की उम्मीदें

By: PalPal India News
May 20, 2025

नई दिल्ली। “हम तो डूबेंगे सनम, तुमको भी ले डूबेंगे…” इस कहावत को चरितार्थ करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने आईपीएल 2025 के अहम मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को हराकर उनकी प्लेऑफ की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। लखनऊ के लिए यह मैच करो या मरो जैसा था, लेकिन जीत दर्ज करने में वह नाकाम रही।

इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लखनऊ की टीम ने मिचेल मार्श (65), एडेन मार्करम (61) और निकोलस पूरन (45) की उम्दा पारियों के दम पर 7 विकेट पर 205 रन बनाए। ऐसा लग रहा था कि लखनऊ यह मुकाबला जीतकर प्लेऑफ की दौड़ में बनी रहेगी, लेकिन हैदराबाद ने 18.2 ओवर में ही 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

हैदराबाद के लिए अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ 20 गेंदों में 59 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल थे। उन्होंने दिग्वेश राठी के एक ओवर में लगातार 4 छक्के भी जड़े। इसके अलावा हेनरिक क्लासेन ने 47, ईशान किशन ने 35 और कामिंडु मेंडिस ने 32 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं।

लखनऊ की सातवीं हार, प्लेऑफ की उम्मीद खत्म

लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह सीजन निराशाजनक रहा है। 12 मैचों में यह उनकी सातवीं हार है। टीम के अब सिर्फ 10 अंक हैं, और बाकी बचे दो मुकाबले जीतने पर भी वह अधिकतम 14 अंक ही जुटा पाएगी, जो प्लेऑफ के लिए पर्याप्त नहीं हैं। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद की यह चौथी जीत है और वे पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुके हैं।

अब मुंबई और दिल्ली में टक्कर

प्लेऑफ के लिए गुजरात टाइटंस (18 अंक), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (17 अंक) और पंजाब किंग्स (17 अंक) पहले ही क्वालीफाई कर चुकी हैं। अब मुकाबला मुंबई इंडियंस (14 अंक) और दिल्ली कैपिटल्स (13 अंक) के बीच है, जिनके दो-दो मैच बचे हैं। इन दोनों टीमों के बीच एक मैच होना भी बाकी है, ऐसे में तय है कि प्लेऑफ की चौथी टीम इनमें से ही कोई एक होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *