प्रोड्यूसर मानसी बागला ने अपनी आगामी फिल्म ‘आंखों की गुस्ताखियां’ में शनाया कपूर को कास्ट करने के पीछे की सोच साझा की है। यह फिल्म शनाया के करियर की पहली फिल्म है, और इसके जरिए वह बड़े पर्दे पर डेब्यू करने जा रही हैं। मानसी बागला के मुताबिक, उन्हें फिल्म के लिए ऐसा चेहरा चाहिए था, जिसमें नवीनता, मासूमियत और एक अनकही-सी उलझन हो—ऐसे गुण जो आमतौर पर किसी नए कलाकार में ही दिखाई देते हैं। उन्होंने बताया कि स्क्रिप्ट तैयार करते समय उनके ज़हन में शनाया की छवि बार-बार सामने आ रही थी।
प्रोड्यूसर मानसी ने कहा, “‘आंखों की गुस्ताखियां’ के लिए मुझे एक ऐसी हीरोइन की तलाश थी, जो अपने अंदर कोमलता और अनिश्चितता लिए हो। जब स्क्रिप्ट लिख रही थी, तभी महसूस हुआ कि यह किरदार शनाया कपूर के लिए बिल्कुल परफेक्ट है।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं भले ही फिल्म निर्माण की दुनिया में नई हूं, लेकिन कहानी की नब्ज पहचानती हूं। जब किसी चीज़ पर विश्वास होता है, तो मैं उसे हासिल करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ती। शनाया इस किरदार में वो सारी खूबियाँ लाती हैं, जिसकी मुझे तलाश थी। शूटिंग के दौरान उन्होंने मेरी उम्मीदों से बेहतर प्रदर्शन किया। मुझे पूरा विश्वास है कि जब फिल्म रिलीज़ होगी, दर्शक उन्हें खूब पसंद करेंगे।”