प्योंगयांग। उत्तर कोरिया के उत्तर-पूर्वी बंदरगाह चोंगजिन में एक नए युद्धपोत के जलावतरण समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ‘कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ (केसीएनए) के अनुसार, युद्धपोत लॉन्चिंग रैंप से फिसल कर फंस गया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और निचले हिस्से को गंभीर क्षति पहुंची। यह घटना उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन के लिए एक बड़ा और शर्मनाक झटका मानी जा रही है, जो लंबे समय से नौसेना के आधुनिकीकरण पर जोर देते आए हैं।
इस दुर्घटना के बाद किम जोंग उन ने सैन्य अधिकारियों, वैज्ञानिकों और शिपयार्ड प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने इस त्रुटि को “घोर लापरवाही, गैरजिम्मेदारी और वैज्ञानिक समझ की कमी” का परिणाम बताते हुए इसे “गंभीर दुर्घटना और आपराधिक कृत्य” करार दिया।
केसीएनए के अनुसार, इस चूक को देखते हुए किम ने सत्तारूढ़ ‘वर्कर्स पार्टी’ की एक आपात बैठक बुलाई है। पार्टी की शक्तिशाली केंद्रीय समिति की पूर्ण बैठक जून के अंत में आयोजित की जाएगी, जिसमें इस घटना की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
दूसरी ओर, दक्षिण कोरिया की सेना ने अब तक इस उत्तर कोरियाई रिपोर्ट पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या आकलन जारी नहीं किया है।