फरीदाबाद। हरियाणा के ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य के दौरान शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें दो महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो पुरुष मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब निर्माणाधीन बेसमेंट की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। हादसे में चार मजदूर मलबे के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत कार्य चलाया गया, लेकिन दो महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल दो पुरुष मजदूरों को गंभीर अवस्था में फरीदाबाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी मजदूर पश्चिम बंगाल और बिहार से थे। घायलों के अनुसार, काम के बाद वे धूप से बचने के लिए बेसमेंट के पास ही बैठकर आराम कर रहे थे, तभी मिट्टी का ढेर उन पर आ गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
घटना ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा उपायों की अनदेखी को उजागर कर दिया है। मजदूरों ने बताया कि काम के दौरान उन्हें किसी भी प्रकार का सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराया गया था। इस लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है और ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही ठेकेदार के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों की मांग है कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए प्रशासन निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करे। गौरतलब है कि फरीदाबाद में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। पिछले वर्ष सितंबर में भी ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडरब्रिज के नीचे बरसाती पानी में एक एक्सयूवी डूबने से एचडीएफसी बैंक के मैनेजर पुण्यश्रेय शर्मा और कैशियर विराज द्विवेदी की मौत हो गई थी। उस समय भी प्रशासन की लापरवाही सवालों के घेरे में आई थी।