देश में एक बार फिर बढ़ रहा है कोरोना का खतरा, दिल्ली में 23 और गाजियाबाद में 4 नए मामले दर्ज

By: PalPal India News
May 24, 2025

नई दिल्ली. दिल्ली-एनसीआर में कोरोना वायरस एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। राजधानी दिल्ली में बीते 24 घंटे में 23 नए कोविड-19 केस सामने आए हैं, जबकि गाजियाबाद में भी 4 संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। इन मामलों के सामने आने के बाद दोनों ही क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने जानकारी दी कि सभी नए मामलों की जांच की जा रही है कि क्या ये लोग स्थानीय निवासी हैं या हाल ही में कहीं यात्रा करके लौटे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

दिल्ली सरकार ने सभी सरकारी अस्पतालों को एडवाइजरी जारी कर दी है, जिसमें अस्पतालों से कहा गया है कि वे ऑक्सीजन, दवाइयों, बेड और वैक्सीन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करें।

गाजियाबाद में चार नए मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिला निगरानी अधिकारी डॉ. आर. के. गुप्ता ने बताया कि ये सभी मामले ट्रांस-हिंडन क्षेत्र से जुड़े हैं। इनमें तीन मरीज होम आइसोलेशन में हैं, जबकि एक महिला को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। संक्रमितों में एक 18 वर्षीय युवती भी शामिल है, जिसे 18 मई से बुखार और खांसी की शिकायत थी। जांच के दौरान उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं, बेंगलुरु से लौटे एक बुजुर्ग दंपत्ति भी संक्रमित पाए गए हैं और अब होम आइसोलेशन में हैं। चौथा मामला वैशाली की 37 वर्षीय महिला का है, जिसे कोरोना के सामान्य लक्षण थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *