बीड, महाराष्ट्र। सोमवार रात करीब 8:30 बजे महाराष्ट्र के बीड जिले के गेवराई तालुका में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें छह लोगों की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब एक फोर व्हीलर गाड़ी में तकनीकी खराबी आने के कारण वह हाइवे किनारे खड़ी थी। उसी दौरान पीछे से आ रहे एक कंटेनर ने तेज रफ्तार में वाहन को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर शवों को बिखरा देख स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कंटेनर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।