भोपाल। मध्यप्रदेश एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय मंच पर सुर्खियों में है। 78वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में नीरज घेवान द्वारा निर्देशित और मध्यप्रदेश में फिल्माई गई फीचर फिल्म ‘होमबाउंड’ ने धूम मचा दी है। फिल्म का प्रीमियर ‘अन सर्टेन रिगार्ड’ सेक्शन में हुआ, जहां यह एकमात्र भारतीय फिल्म के रूप में चुनी गई। वहां मौजूद दर्शकों, अंतर्राष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं और कलाकारों ने फिल्म की 9 मिनट तक खड़े होकर तालियों से सराहना की।
इस वैश्विक प्रशंसा के पीछे एक और बड़ा नाम जुड़ा है – ऑस्कर विजेता निर्देशक मार्टिन स्कॉर्सेसे, जिनके फिल्म से जुड़ने से इसकी अंतर्राष्ट्रीय साख और बढ़ गई है।
‘होमबाउंड’ का बड़ा हिस्सा वर्ष 2024 में भोपाल और उसके आसपास के प्राकृतिक, सांस्कृतिक व शहरी क्षेत्रों में फिल्माया गया है। यह फिल्म धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी है, और यह प्रोडक्शन हाउस की मध्यप्रदेश में पांचवीं फिल्म है। फिल्म में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जान्हवी कपूर ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं, जबकि निर्माता करण जौहर हैं। नीरज घेवान इससे पहले ‘मसान’ जैसी सराही गई फिल्म बना चुके हैं। ‘होमबाउंड’ की टीम ने एमपी में सुगम शूटिंग अनुभव के लिए राज्य सरकार और स्थानीय समुदायों का आभार व्यक्त किया है।