जशपुर। छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सीमा पर स्थित बलगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार को नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। करीब 40 से अधिक नक्सलियों ने एक पत्थर खदान से 200 पेटियों में भरे करीब 5000 किलोग्राम विस्फोटक लूट लिए। हर पेटी में 25 किलो बारूद भरा हुआ था। यह विस्फोटक सुंदरगढ़ जिले के बैंग खदान के लिए ले जाया जा रहा था। जानकारी के अनुसार, जैसे ही वैन खदान पहुंची, उसमें लोड विस्फोटक को उतार दिया गया था। इसी दौरान भारी हथियारों से लैस नक्सली वहां पहुंचे और ड्राइवर व मजदूरों को बंदूक की नोक पर धमकाकर कब्जे में ले लिया। नक्सलियों ने मजदूरों से दोबारा सभी पेटियों को वैन में लोड कराया और ड्राइवर को अगवा कर वैन को अपने साथ जंगल की ओर ले गए।
जंगल में पहले से मौजूद नक्सली दस्ते ने वैन से विस्फोटक उतारकर उसे अपने साथ ले लिया और ड्राइवर को छोड़ दिया। इसके बाद ड्राइवर ने किसी तरह वापस लौटकर गोदाम प्रबंधक को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही बलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि नक्सली हरे रंग के कपड़े पहने थे और स्थानीय भाषा में बातचीत कर रहे थे। हालांकि उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया और सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस अलर्ट पर है। सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही नक्सलियों को गिरफ्तार कर लूटा गया विस्फोटक बरामद कर लिया जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इतने बड़े पैमाने पर विस्फोटकों की लूट नक्सलियों की भविष्य की हिंसात्मक रणनीति का संकेत हो सकती है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।