नई दिल्ली। पाकिस्तान सीमा के समीप स्थित छह राज्यों– जम्मू-काश्मीर, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और चंडीगढ़– में गुरुवार को आयोजित की जाने वाली ‘ऑपरेशनशील्ड’ मॉक ड्रिल को स्थगित कर दिया गया है। पंजाब सरकार ने घोषणा की है कि वहां यह ड्रिल 3 जून को आयोजित की जाएगी। राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ प्रशासन जल्द ही मॉक ड्रिल की नई तारीखों की सूचना देगा।
इससे पहले 7 मई को देश के 244 जिलों में पहली बार ऐसी व्यापक नागरिक सुरक्षा ड्रिल आयोजित की गई थी। इसमें आम नागरिकों को आक्रमण या आपात स्थिति में बचाव और खुद को सुरक्षित रखने की ट्रेनिंग दी गई थी। भारत–पाक युद्ध के दौरान 1971 में ही आखिरी बार इस स्तर की नागरिक सुरक्षा अभ्यास की गई थी।
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के तुरंत बाद भारत ने 7 मई को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर एवं पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत हवाई कार्रवाई की थी। सैन्य सूत्रों के अनुसार, इन एयरस्ट्राइक में करीब 100 आतंकवादी मार गिराए गए थे।