सीएनजी सिलेंडर में मरम्मत कार्य के दौरान हुआ विस्फोट, तीन नाबालिग भाइयों सहित चार लोग गंभीर रूप से झुलसे 

By: PalPal India News
June 1, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिउत्तर-पूर्वी दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके में शनिवार दोपहर एक गोदाम में सीएनजी सिलेंडर में विस्फोट हो गया। इस कारण तीन नाबालिग भाइयों सहित चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सिलेंडर ब्लास्ट के बाद गंभीर रूप से झुलसे सभी लोगों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस मामले में छानबीन तेज कर दी है। स्थानीय अधिकारी ने कहा कि विस्फोट शाम करीब साढ़े चार बजे एक भंडारण एवं मरम्मत इकाई में हुआ, जहां मरम्मत कार्य के दौरान कथित तौर पर सिलेंडर फट गया।

झुलसे हुए लोगों की हुई पहचान

दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के अधिकारी ने बताया कि झुलसे लोगों की पहचान तीन भाइयों साकिब (7), अब्बास (9) और राजा (3) के अलावा अरशद (22) के रूप में हुई। तीनों बच्चे अफसार नामक व्यक्ति के पुत्र हैं।

पुलिस ने कहा कि साकिब 90 प्रतिशत, अब्बास और राजा 85 प्रतिशत तथा अरशद 70 प्रतिशत तक झुलस गया है। अधिकारी ने कहा कि घटना के समय अरशद गोदाम के अंदर काम कर रहा था। विस्फोट की सूचना मिलने पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।

दुकान में रखे जा रहे थे सीएनजी सिलेंडर

उन्होंने कहा, ‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि चार मंजिला आवासीय इमारत के भूतल पर एक दुकान में सीएनजी सिलेंडर रखे जा रहे थे और उनकी मरम्मत की जा रही थी। मरम्मत कार्य के दौरान एक सिलेंडर कथित तौर पर फट गया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ।’

खेल के मैदान में जाकर गिरा मलबा

पुलिस ने कहा कि विस्फोट इतना जोरदार था कि गोदाम का लोहे का गेट टूट गया और इसका मलबा नजदीक में खेल रहे तीन बच्चों पर जा गिरा। घायलों को तुरंत गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। उनकी हालत गंभीर, लेकिन स्थिर बताई जा रही है। गोदाम के मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *