पेरिस. तीन बार के फ्रेंच ओपन चैंपियन नोवाक जोकोविच ने रोलां गैरो में अपने करियर की 99वीं जीत दर्ज कर इतिहास रचने की ओर एक और कदम बढ़ा दिया है। उन्होंने शनिवार को ऑस्ट्रिया के क्वालीफायर फिलिप मिसोलिक को सीधे सेटों में 6-3, 6-4, 6-2 से हराकर टूर्नामेंट के चौथे दौर में प्रवेश किया।
जिनेवा में हाल ही में अपने करियर का 100वां टूर-लेवल सिंगल्स खिताब जीतने वाले जोकोविच अब रोलां गैरो में भी 100 जीत हासिल करने से सिर्फ एक मुकाबला दूर हैं। अगर वे सोमवार को पूर्व टॉप-10 खिलाड़ी कैमरन नोरी को हराने में सफल रहते हैं, तो यह ऐतिहासिक उपलब्धि उनके नाम दर्ज हो जाएगी।
जोकोविच ने अपनी 100वीं जीत की संभावना पर कहा, “99 अच्छा है, लेकिन 100 और भी बेहतर है। मुझे उम्मीद है कि मैं आगे और जीत हासिल करूंगा। यह मेरे करियर का एक विशेष दौर है। हर बार जब मैं कोर्ट पर उतरता हूं, तो ऐसा लगता है जैसे इतिहास के लिए खेल रहा हूं—यह अनुभव अविश्वसनीय है।”
गौरतलब है कि रोलां गैरो में सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड 14 बार के चैंपियन राफेल नडाल के नाम है, जिनका रिकॉर्ड 112 जीत और 4 हार का है।