नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी के वरिष्ठ नेता बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि “राहुल गांधी के पास न तो स्पष्ट दृष्टिकोण है और न ही नेतृत्व की क्षमता, इसलिए वह कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते।”
बृजभूषण ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अब ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ के प्रभाव में हैं और उन्हीं की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी पुरानी व विभाजनकारी कम्युनिस्ट विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने तीखा बयान देते हुए कहा, “राहुल गांधी वही बातें करते हैं जो पाकिस्तान को अच्छी लगती हैं। यदि वह प्रधानमंत्री बन भी गए, तो देश का बंटवारा भले न हो, लेकिन देश को बेच जरूर देंगे।”
पीओके मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) को लेकर कांग्रेस नेताओं की हालिया टिप्पणियों पर निशाना साधते हुए बृजभूषण ने पूछा, “कश्मीर का एक हिस्सा पाकिस्तान के कब्जे में कब और किसके शासन में गया? तुष्टिकरण की राजनीति किसने शुरू की? इन सवालों का एक ही जवाब है—कांग्रेस।” उन्होंने कहा कि देश को मजबूत नेतृत्व की जरूरत है, न कि ऐसे लोगों की जो देश के हितों की अनदेखी कर विदेशी विचारधाराओं से प्रभावित हों।