मुंबई: संबंध बनाने से इनकार पर पति ने पत्नी को किया आग के हवाले

By: PalPal India News
June 1, 2025

मुंबई (चेंबूर)। मुंबई के चेंबूर इलाके से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 38 वर्षीय महिला रेखा आव्हाड को उनके पति दिनेश आव्हाड ने कथित तौर पर आग के हवाले कर दिया। वजह यह बताई जा रही है कि रेखा ने शारीरिक संबंध बनाने से मना कर दिया था। पीड़िता को गंभीर जलन के चलते सायन के लोकमान्य तिलक म्युनिसिपल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार सुबह उस समय हुई जब रेखा अपने काम पर जाने की तैयारी कर रही थीं। इस दौरान उनके पति दिनेश ने शारीरिक संबंध की मांग की, लेकिन रेखा ने देर होने का हवाला देकर इनकार कर दिया। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

गुस्से में आकर दिनेश ने रेखा के चरित्र पर सवाल उठाए और उन पर अवैध संबंधों का आरोप लगाया। बहस इस हद तक बढ़ गई कि रेखा ने खुद पर केरोसिन डालकर आत्मदाह की कोशिश की, लेकिन आग नहीं लगी। तभी दिनेश ने रसोई से एक जलता हुआ कागज लाकर रेखा पर फेंक दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गईं।

33 प्रतिशत जल चुकी हैं पीड़िता, हालत गंभीर

पुलिस ने बताया कि रेखा को 33 प्रतिशत जलन की चोटें आई हैं और डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के अगले दिन, जब रेखा बयान देने की स्थिति में आईं, तो उन्होंने पुलिस को पूरी जानकारी दी। रेखा के बयान के आधार पर पुलिस ने 46 वर्षीय आरोपी पति दिनेश आव्हाड को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *