पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का कहर: सिक्किम से असम तक तबाही, हजारों लोग प्रभावित

By: PalPal India News
June 1, 2025

गुवाहाटी/गंगटोक। पूर्वोत्तर भारत में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। सिक्किम, असम और मेघालय जैसे राज्यों में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। भारी बारिश के चलते भूस्खलन, बाढ़ और सड़कों के टूटने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे न केवल स्थानीय लोग, बल्कि बड़ी संख्या में पर्यटक भी संकट में आ गए हैं।

सिक्किम में बिगड़े हालात: 1500 पर्यटक फंसे, 8 लोग लापता

सिक्किम के मंगन जिले में भारी वर्षा के कारण तीस्ता नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। नदी में एक वाहन गिरने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, दो घायल हुए और आठ लोग अब भी लापता हैं।

लाचेन और लाचुंग क्षेत्रों में कुल 1500 से अधिक पर्यटक फंसे हुए हैं, जिनमें से 115 लाचेन और करीब 1350 लाचुंग में हैं। राहत एवं बचाव कार्य लगातार बारिश के कारण बाधित हो रहे हैं।

राहत कार्यों में मुश्किलें, सरकार ने जारी की एडवाइजरी

राज्य प्रशासन ने पर्यटकों को फिलहाल सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। तीव्र बहाव और जलभराव के कारण राहत कार्यों में कठिनाई आ रही है। तीस्ता नदी का जलस्तर बढ़ता जा रहा है, जिससे खोज और बचाव अभियान कुछ समय के लिए रोके गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *