पुलिस के स्पेशल सेल ऑफिस में लाखों की चोरी, हेड कॉन्सटेबल ही निकला चोर

By: PalPal India News
June 2, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिदिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के ऑफिस से लाखों रुपयों की चोरी का खुलासा हो गया है। स्पेशल सेल के हेड कॉन्सटेबल ने ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी हेड कॉन्स्टेबल पहले लोधी रोड के मालखाने में तैनात था। इसी दौरान उसने चोरी की प्लानिंग की थी और मालखाने की डुप्लीकेट चाबियां बनवा ली थीं। इन्हीं चाबियों के सहारे आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी कॉन्सटेबल पहले लोधी रोड में बने मालखाने में तैनात था, जहां चोरी हुई है। हालांकि, अब उसे पूर्वी दिल्ली ट्रांसफर किया जा चुका है। स्पेशल सेल की टीम ने आरोपी कॉन्सटेबल को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से 50 लाख रुपयों के साथ भारी मात्रा में सोना भी बरामद किया है। चोरी करने वाले कॉन्सटेबल का नाम एचसी खुर्शीद है, उसे शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि खुर्शीद ने काफी पहले ही इस चोरी की प्लानिंग कर ली थी। इसी वजह से उसने मालखाने की डुप्लीकेट चाबी बनवा ली थी। इसी चाबी के जरिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

करोड़ों का सोना बरामद

आरोपी कॉन्सटेबल ने 50 लाख रुपयों के साथ करोड़ों का सोना भी पार कर दिया था। पुलिस ने छापेमारी कर सारा सामान बरामद कर लिया है। अब पुलिस आरोपी कॉन्सटेबल से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या उसने पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है।

सुरक्षा में कैसे लगी सेंध

आरोपी ने तिजोरी की चाबी पहले ही बनवा ली थी। उसने चोरी करने के लिए भी अपने पुराने ऑफिस को ही चुना। ऐसे में जब वह मालखाने गया तो किसी ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की। वहां मौजूद अधिकतर लोग उसे अच्छे से जानते थे। उन्हें लगा कि वह किसी काम से आया है। वह सीधे अंदर तक गया और चोरी करने के बाद चुपचाप बाहर आ गया। किसी को उसके ऊपर शक नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *