मुंबई। महाराष्ट्र में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि देखने को मिल रही है। राज्य स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को कुल 65 नए कोविड-19 मामले सामने आए हैं। इनमें से 22 मामले मुंबई से, 25 पुणे से, 9 ठाणे से, 6 पिंपरी-चिंचवड से, 2 कोल्हापुर से और 1 मामला नागपुर से दर्ज किया गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि बीते दिन 300 मरीज पूरी तरह ठीक भी हुए हैं। इस समय राज्य में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 506 है। राज्य में जनवरी 2025 से अब तक 11,501 सैंपल की जांच की गई, जिनमें से 814 लोगों में कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें से 463 मामले केवल मुंबई में सामने आए हैं। इस अवधि में राज्य में कुल आठ लोगों की मौत कोरोना से जुड़ी जटिलताओं के कारण हुई है। इनमें से सात मरीज पहले से गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे।
मृतकों की बीमारियों का ब्यौरा
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार:
पहला मृतक हाइपोकैल्सेमिया और नेफ्रोटिक सिंड्रोम से ग्रसित था।
दूसरा मरीज कैंसर का रोगी था।
तीसरे को स्ट्रोक आया था और दौरे पड़ते थे।
चौथा मरीज डायबिटिक कीटोएसिडोसिस (DKA) और निचले श्वसन तंत्र संक्रमण (LRTI) से जूझ रहा था।
पांचवें को इंटरस्टीशियल लंग डिजीज (ILD) था।
छठे मरीज को डायबिटीज थी और 2014 से पक्षाघात का शिकार था।
सातवां मरीज गंभीर एक्यूट रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम (ARDS) और डाइलेटेड एओर्टिक रेगर्जिटेशन से पीड़ित था।
आठवीं मरीज 47 वर्षीय महिला थी, जिसे बुखार और सांस लेने में कठिनाई हो रही थी।
सावधानी बरतने की अपील
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि राज्य में समय-समय पर कोविड मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है, जो केवल महाराष्ट्र तक सीमित नहीं, बल्कि देश के अन्य हिस्सों और कुछ देशों में भी ऐसी ही स्थिति है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, मास्क का उपयोग करें और भीड़-भाड़ वाले इलाकों से बचें।