डी. गुकेश की ऐतिहासिक जीत, क्लासिकल फॉर्मेट में पहली बार हराया मैग्नस कार्लसन को

By: PalPal India News
June 2, 2025

नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय शतरंज के उभरते सितारे डी. गुकेश ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट 2025 के छठे राउंड में उन्होंने पांच बार के विश्व चैंपियन मैग्नस कार्लसन को हराकर सनसनी फैला दी। क्लासिकल टाइम कंट्रोल में यह गुकेश की कार्लसन के खिलाफ पहली जीत है।

इस मुकाबले के बाद टूर्नामेंट में गुकेश और कार्लसन के बीच हेड-टू-हेड स्कोर अब 1-1 से बराबर हो गया है, जिससे यह मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। यह जीत न सिर्फ गुकेश के लिए व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि भारतीय शतरंज इतिहास में भी एक गर्व का क्षण है। स्टावेंगर में खेल रहे कार्लसन ने घरेलू दर्शकों के सामने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया और अधिकांश समय तक बेहतर स्थिति में बने रहे। लेकिन गुकेश ने मुश्किल हालातों में भी संयम और धैर्य के साथ डटे रहकर खेल को बराबरी पर लाया

मैच के अंतिम चरण में, कार्लसन से हुई एक चूक ने गेम का रुख पलट दिया। गुकेश ने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए सटीक और आक्रामक चालों के ज़रिए कार्लसन पर दबाव बनाया और अंततः उन्हें पराजित कर दिया। यह हार मैग्नस कार्लसन के लिए निश्चित ही भुला पाना मुश्किल अनुभव होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *