मोहाली। पंजाब पुलिस ने एक और यूट्यूबर को जासूसी के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया है। जसबीर सिंह, जो “जान महल” नाम से यूट्यूब चैनल चलाता है, को भारतीय सेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारी विदेशी दुश्मन के साथ साझा करने के आरोप में मोहाली से गिरफ्तार किया गया है। पंजाब पुलिस के डीजीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर इस गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने रूपनगर जिले के गांव महालन से जसबीर सिंह को हिरासत में लिया है।
जांच में सामने आया है कि जसबीर सिंह का संबंध शाकिर उर्फ जट्ट रंधावा से है, जो एक आतंक समर्थित जासूसी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। इतना ही नहीं, जसबीर सिंह का नाम हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा और पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश से भी जोड़ा गया है। जानकारी के अनुसार, जसबीर तीन बार पाकिस्तान की यात्रा कर चुका है, जिससे उसके इरादों पर संदेह और गहरा हो गया है। बता दें, ज्योति मल्होत्रा को पहले ही जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है।
यह गिरफ्तारी 24 घंटों में दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले मंगलवार को पुलिस ने एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया था, जो आईएसआई के संपर्क में था। उस आरोपी गगनदीप सिंह पर आरोप है कि उसने भारतीय सेना की तैनाती और रणनीतिक ठिकानों की जानकारियाँ लीक कीं, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा को गंभीर खतरा हुआ।