राजा रघुवंशी की PM रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा आया सामने, मेघालय के शिलांग हनीमून मनाने गए कपल की मिस्ट्री

By: PalPal India News
June 4, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिमेघालय के शिलांग हनीमून मनाने गए कपल के साथ जो हुआ वो शायद किसी ने सोचा भी नहीं होगा। राजा रघुवंशी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने इस पूरी मिस्ट्री को एक नया मोड़ दे दिया है।

हाल ही में शादी के बंधन में बंधा इंदौर का एक कपल हनीमून मनाने के लिए मेघालय के शिलांग गया था, जिसमें से एक का शव सर्च ऑपरेशन की टीम ने बरामद किया है। नवविवाहित करोबारी राजा रघुवंशी का शव शादी के 21 दिन बाद और लापता होने के 11 दिन बाद एक गहरी खाई से बरामद हुआ। हालांकि, अब तक राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम का कोई पता नहीं चल पाया है। इस घटना ने पूरे पूर्वोत्तर राज्य को झकझोर कर रख दिया है।

पीएम रिपोर्ट में क्या निकला?

वहीं, राजा रघुवंशी की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। हनीमून पर अपनी पत्नी सोनम के साथ शिलांग गए इंदौर के युवा कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या हुई थी। पूर्वी खासी हिल्स के एसपी विवेक सिम ने बताया कि राजा रघुवंशी की हत्या पेड़ काटने के हथियार से की गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। एसपी ने कहा, “हमने पीड़ित का फोन और वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है। हथियार एक ‘दाओ’ था। यह हत्या का स्पष्ट मामला है। राजा रघुवंशी की हत्या की गई थी, इसमें कोई संदेह नहीं है।”

राजा-सोनम के साथ क्या हुआ था?

राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी 22 मई को हनीमून के लिए शिलांग रवाना हुए थे। 23 मई की शाम से चेरापूंजी के पास ओसारा हिल्स से लापता हो गए थे। परिवार का उनसे सपर्क नहीं हो सका। इसके बाद परिवार के कुछ लोग खुद शिलांग पहुंच गए। जब राजा और सोनम का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजन फौरन इंदौर लौटे और पुलिस से मदद की फरियाद की। शिलांग में तलाश शुरू हुई तो कपल की किराए पर ली गई स्कूटी लावारिस हालात में मिली। परिवार इसी उम्मीद में था कि दोनों को तलाश लिया जाएगा। लेकिन अब इस दुखद घटना से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

बुरी तरह से डीकंपोज हो गया शव

घर वाले उनके सकुशल लौटने का इंतजार कर रहे थे। पुलिस और बचाव दल पिछले 11 दिनों से लापता दंपति की तलाश में जुटे थे। 11 दिनों की खोजबीन के बाद सोमवार को राजा रघुवंशी का शव खाई में मिला। शव बुरी तरह से डीकंपोज हो गया था। परिवार ने राजा की शिनाख्त की। शव की पहचान मृतक के दाहिने हाथ पर बने ‘Raja’ टैटू से की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *