झाबुआ में दर्दनाक सड़क हादसा: शादी से लौट रही कार पर पलटा सीमेंट से भरा ट्रक, 9 की मौत

By: PalPal India News
June 4, 2025

झाबुआ (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा झाबुआ के मेघनगर थाना क्षेत्र में रात करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ। जानकारी के अनुसार, एक ईको कार, जो शादी समारोह से लौट रही थी, उस पर राजस्थान की ओर से आ रहा एक तेज़ रफ्तार सीमेंट से भरा ट्रक पलट गया। हादसे के वक्त कार में कुल 11 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि ट्रक तेज गति में था और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक सीधे कार पर पलट गया। 9 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिससे हादसा और भी अधिक दुखद हो गया है। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक को हटाया और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे के बाद सामने आए वीडियो फुटेज में कार पूरी तरह से कुचली हुई और चकनाचूर नजर आ रही है। ट्रक का वजन और रफ्तार इतनी अधिक थी कि कार का एक हिस्सा पूरी तरह से दब गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *