चंडीगढ़। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए यूट्यूबर जसबीर सिंह के खिलाफ लगातार चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पंजाब पुलिस के अनुसार, जसबीर के मोबाइल फोन से 150 से अधिक पाकिस्तानी कॉन्टैक्ट नंबर बरामद हुए हैं। इन नंबरों के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जसबीर का हरियाणा के हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा से संपर्क था। यूट्यूब पर अपलोड एक वीडियो में जसबीर और ज्योति को पाकिस्तान में शॉपिंग करते हुए देखा गया है, जिससे दोनों के बीच संपर्क और पाकिस्तान यात्रा की पुष्टि होती है।
जसबीर सिंह (उम्र 41 वर्ष), पंजाब के रोपड़ जिले के माहलां गांव का निवासी है। फिलहाल उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल से मिले नंबरों की पड़ताल जारी है। संदेह है कि ये नंबर ISI एजेंटों या पाकिस्तानी सरकारी अधिकारियों से संबंधित हो सकते हैं।