नई दिल्ली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई शीर्ष नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा,
“विश्व पर्यावरण दिवस पर आइए हम अपने ग्रह की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता को दोहराएं। संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल व्यवहार को अपनाने के लिए मिलकर कार्य करें। पर्यावरण के लिए उठाया गया हर एक कदम महत्वपूर्ण है और हमारे संयुक्त प्रयासों से हम आने वाली पीढ़ियों को एक हरियाली युक्त धरती दे सकते हैं।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘एक्स’ पर अपने संदेश में लिखा,
“इस विश्व पर्यावरण दिवस पर, आइए हम अपने ग्रह की रक्षा करने और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के अपने प्रयासों को और मजबूत करें। मैं उन सभी लोगों की सराहना करता हूं जो धरातल पर पर्यावरण को हरा-भरा और बेहतर बनाने के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। जो प्रकृति की रक्षा करता है, प्रकृति भी उसकी रक्षा करती है। पर्यावरण संतुलन हमारी प्राचीन परंपरा का अहम हिस्सा है। इसलिए यह आवश्यक है कि सभी देश पर्यावरण के मसले पर निहित स्वार्थों से ऊपर उठकर एकजुट सोच अपनाएं।”
गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया और इस अवसर पर देशवासियों से हरियाली बढ़ाने, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और स्वच्छता अपनाने की अपील की।