राजगढ़, एमपी। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में पति द्वारा पत्नी पर चरित्र शंका के चलते चाकू से हमला करने का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आरोपी ने पत्नी की नाक, कान और सीने पर कई बार वार किए, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना लीमाचौहान थाना क्षेत्र के पाडल्यामाताजी गांव की है। पीड़िता 35 वर्षीय सावित्री बाई ने बताया कि वह मंगलवार को अपने मायके से ससुराल लौटी थी। इस दौरान उसका पति कमल वर्मा उस पर चरित्र को लेकर शक जताते हुए नाराज़ हो गया और अचानक घरेलू चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महिला की नाक, कान और स्तन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
हमले के बाद महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो चुका था। ग्रामीणों ने घायल महिला को तुरंत सारंगपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे शाजापुर रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी अनिल राहोरिया ने जानकारी दी कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
महिला ने बताया कि शादी के बाद से ही उसका पति उस पर शक करता था और पहले भी कई बार मारपीट कर चुका था। सावित्री बाई ने कहा, “उसके बार-बार के आरोपों ने मुझे मानसिक रूप से तोड़ा, लेकिन इस बार उसने ऐसा ज़ख्म दिया है जो शायद कभी नहीं भरेगा।”