तत्काल टिकट बुकिंग के लिए रेलवे करेगा ई-आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य

By: PalPal India News
June 5, 2025

नई दिल्ली, 5 जून। भारतीय रेलवे जल्द ही तत्काल ट्रेन टिकट बुकिंग के लिए ई-आधार प्रमाणीकरण को अनिवार्य करने जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य टिकट बुकिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना और सिस्टम के दुरुपयोग को रोकना है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा करते हुए बताया कि आधार से जुड़े IRCTC खातों वाले यूजर्स को तत्काल टिकट बुकिंग शुरू होने के पहले 10 मिनट में प्राथमिकता दी जाएगी। इससे एजेंटों और बुकिंग बॉट्स द्वारा की जाने वाली अनधिकृत बुकिंग पर लगाम लगाई जा सकेगी।

24 मिलियन फर्जी अकाउंट्स हुए बंद

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह कदम टिकट धोखाधड़ी रोकने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। पिछले 6 महीनों में रेलवे ने 2.4 करोड़ से अधिक संदिग्ध खातों को निष्क्रिय किया है, जबकि 20 लाख अतिरिक्त खातों की जांच की जा रही है।

अधिक टिकट बुकिंग की सुविधा

IRCTC से आधार लिंक करने वाले यूजर्स को न सिर्फ तत्काल टिकट बुकिंग में प्राथमिकता मिलेगी, बल्कि वे हर महीने 24 टिकट तक बुक कर सकेंगे। वर्तमान में यह सीमा 12 टिकट प्रति माह है।

यह नया सिस्टम, यात्रियों को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और निष्पक्ष टिकट बुकिंग का अनुभव देगा, विशेषकर उन यात्रियों के लिए जो आकस्मिक स्थितियों में तत्काल टिकट की आवश्यकता रखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *