RCB की जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ के मामले में बड़ा खुलासा, पुलिस ने मांगा था तैयारी के लिए समय, नहीं मानी RCB मैनेजमेंट

By: PalPal India News
June 5, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। बेंगलुरु में बुधवार को RCB की जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ के मामले में बड़ा खुलासा सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने समारोह के लिए तैयारी का समय मांग था लेकिन RCB मैनेजमेंट नहीं मानी थी।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के IPL 2025 का खिताब जीतने के बाद बुधवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में जश्न मनाने के लिए समारोह का आयोजन किया गया था। बड़ी संख्या में भीड़ जुटने के कारण बेंगलुरु में चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भगदड़ मच गई जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और करीब 33 लोग घायल हो गए। इस हादसे के बाद पुलिस प्रशासन के ऊपर अव्यवस्था और लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं। अब इस भगदड़ के मामले में पुलिस सूत्रों की ओर से बड़ा खुलासा किया गया है।

बेंगलुरु पुलिस ने क्या मांग की थी?

पुलिस सूत्रों की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार को समारोह के आयोजन के लिए सुरक्षा के बंदोबस्त को लेकर बेंगलुरु पुलिस ने असमर्थता जाहिर की थी। RCB की रिक्वेस्ट पर गलुरु पुलिस ने कहा था कि इतने बड़े आयोजन की तैयारी के लिए कम से कम दो दिन चाहिए अगर ये आयोजन रविवार को किया जाए तो ज्यादा बेहतर होगा।

RCB मैनेजमेंट ने क्या कहा?

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस द्वारा तैयारी के लिए समय की मांग पर RCB मैनेजमेंट की ओर से कहा गया कि फैंस को ज्यादा इंतजार करवाना ठीक नहीं रहेगा। सूत्रों के मुताबिक, RCB मैनेजमेंट विधानसभा से लेकर चिन्नास्वामी स्टेडियम तक ओपन बस में विक्ट्री परेड का भी आयोजन करना चाहता था लेकिन पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी।

RCB ने किया आर्थिक मदद का ऐलान

इस हादसे के बाद RCB ने 11 मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रूपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। इसके साथ ही RCB केयर्स कोष का भी ऐलान किया गया है। इसके जरिए हादसे में घायल लोगों की मदद की जाएगी। कर्नाटक सरकार ने भी मृतकों के परिजन को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने और घायलों का मुफ्त इलाज कराने की घोषणा की है। इसके साथ ही घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *