यूक्रेन पर रूस का मिसाइल और ड्रोन हमला, ‘ऑपरेशन स्पाइडर वेब’ का लिया बदला

By: PalPal India News
June 6, 2025

मास्को, एजेंसी। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध और अधिक भयावह होता जा रहा है। हाल ही में यूक्रेन द्वारा किए गए ‘ऑपरेशन स्पाइडर वेब’ के जवाब में रूस ने घातक हमला करते हुए यूक्रेन के कई इलाकों को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हमला कई दिशाओं से एक साथ किया गया, जिसमें यूक्रेन के सैन्य और नागरिक ठिकानों को नुकसान पहुंचा। यूक्रेनी वायुसेना ने आधिकारिक टेलीग्राम चैनल के जरिए जानकारी दी कि रूस ने बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन के ज़रिए एक बड़े हमले को अंजाम दिया। हमले के दौरान राजधानी कीव में कई जगह विस्फोट हुए और इमारतों में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। कीव सिटी मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन के प्रमुख तिमुर त्काचेंको ने बताया कि रूसी हमलों में कई रिहायशी इमारतों में आग लग गई। उन्होंने कहा कि यह हमला जानबूझकर रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर किया गया। कीव के मेयर विताली क्लित्सको ने भी होलोसीवस्की और डारनित्सकी जिलों में आग लगने की पुष्टि की है। क्लित्सको ने नागरिकों से अपील की कि वे शेल्टर में रहें और अलर्ट पर रहें।


क्या था ‘ऑपरेशन स्पाइडर वेब’?

इस रूसी हमले को यूक्रेन के हालिया जवाबी ऑपरेशन से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल, कुछ दिनों पहले यूक्रेन ने ‘ऑपरेशन स्पाइडर वेब’ के तहत रूस के कई महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों पर हमला किया था। इस ऑपरेशन में यूक्रेनी सेना ने रूस के 41 बमवर्षक विमानों को तबाह कर दिया था। इनमें ए-50, टीयू-95, टीयू-22एम3 और टीयू-160 जैसे आधुनिक बॉम्बर शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *