‘हाउसफुल 5’ के हीरो के घर फिल्म के रिलीज़ के दिन ही ईडी की रेड, बांद्रा इलाके में जांच कर रही टीम

By: PalPal India News
June 6, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिआज, 6 जून को कॉमेडी और ड्रामे से भरपूर फिल्म ‘हाउसफुल 5’ सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई है। लेकिन इस फिल्म में अभिनय कर रहे डिनो मोरिया कानूनी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। हाल ही में, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मुंबई के बांद्रा में डिनो मोरिया के निवास पर छापेमारी की।

डिनो मोरिया की कानूनी परेशानियाँ

यह छापेमारी मीठी नदी डिसिल्टिंग घोटाले से जुड़े 65 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत की गई। इस मामले में डिनो का नाम सामने आने के बाद से वह जांच के दायरे में हैं। मीठी नदी, जो मुंबई के लिए एक महत्वपूर्ण जल निकासी मार्ग है, उसकी सफाई के लिए आवंटित धन में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने पहले ही डिनो और उनके भाई सैंटिनो मोरिया से दो बार पूछताछ की है।

छापेमारी की विस्तृत जानकारी

जांच में यह भी सामने आया है कि डिनो और सैंटिनो के फोन रिकॉर्ड में मुख्य आरोपी केतन कदम के साथ कई बार बातचीत हुई थी। केतन कदम और जय जोशी को इस मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा, डिनो के भाई सैंटिनो की कंपनी यूबीओ राइड्स को केतन कदम से 18 लाख रुपये की राशि मिलने की जानकारी भी मिली है। ईडी ने मुंबई और कोच्चि में 15 स्थानों पर छापेमारी की, जिसमें डिनो के घर के साथ-साथ बीएमसी के एक सहायक इंजीनियर और कई ठेकेदारों के ठिकाने शामिल हैं। जांच एजेंसी इस मामले में फर्जी बिलों और अनुचित तरीके से टेंडर देने के आरोपों की जांच कर रही है। डिनो से पहले 26 और 28 मई को भी लंबी पूछताछ की जा चुकी है।

कौन हैं डिनो मोरिया?

डिनो मोरिया एक सुपरहिट ग्लोबल मॉडल और बॉलीवुड एक्टर हैं। डिनो ने बतौर मॉडलिंग ग्लैमर की दुनिया में अपने करियर की शुरुआत की थी और फिर एक्टिंग में खूब नाम कमाया। साल 1998 में आई फिल्म ‘जंगली लव स्टोरी’ नाम की फिल्म से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके साथ ही इसी साल प्रीमियर हुई टीवी सीरीज ‘कैप्टन व्योम’ में भी काम किया। साल 1999 में आई फिल्म ‘प्यार में कभी-कभी’ फिल्म में भी काम किया। साल 2002 में आई फिल्म राज ने डिनो को बॉलीवुड का स्टार बना दिया। इस फिल्म में डिनो ने बिपाशा बासु के साथ रोमांटिक सीन्स दिए और हिट हीरो के तौर पर उभरे। उसके बाद अब तक 50 से ज्यादा फिल्मो और सीरियल्स में काम कर चुके हैं।

डिनो मोरिया का वर्क फ्रंट

काम के मोर्चे पर, डिनो मोरिया हाल ही में नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज ‘द रॉयल्स’ में दिखाई दिए थे। उनकी नई फिल्म ‘हाउसफुल 5’ आज रिलीज हुई है, जिसमें अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और अभिषेक बच्चन जैसे प्रमुख सितारे शामिल हैं। हालांकि, इस घोटाले के कारण डिनो की छवि पर सवाल उठ रहे हैं, और फैंस इस मामले पर उनकी प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *