पलपल इंडिया प्रतिनिधि। फ्रेंच ओपन 2025 के सेमीफाइनल में नोवाक जोकोविच को यानिक सिनर से हार का सामना करना पड़ा। फ्रेंच ओपन 2025 के मेंस सिंगल्स के सेमीफाइनल में नोवाक जोकोविच को यानिक सिनर ने हरा दिया। जोकोविच सेमीफाइनल में पूरी तरह से लय से भटके हुए नजर आए और विरोधी खिलाड़ी के सामने चुनौती पेश नहीं कर सके। हार के साथ ही उनका फ्रेंच ओपन 2025 का खिताब जीतने का सपना टूट गया और सिनर ने फाइनल में एंट्री कर ली, जहां उनका सामना कार्लोस अल्काराज से होगा, जो बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं।
नोवाक जोकोविच को सेमीफाइनल के पहले सेट में 6-4 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद दूसरे सेट में उन्होंने वापसी की कोशिश की, लेकिन यहां भी बाजी यानिक सिनर मार ले गए और 7-5 से सेट अपने नाम कर लिया। इसके बाद तीसरे सेट में मुकाबला टाई ब्रेकर तक चला गया। यहां भी जोकोविच को 7-6 (7-3) से हार मिली। सेट के साथ उन्होंने मैच भी गंवा दिया। टाई ब्रेकर में जो भी खिलाड़ी पहले 7 अंक तक पहुंच जाता है, वह सेट जीत जाता है।
नोवाक जोकोविच मेंस सिंगल्स में सबसे ज्यादा 24 ग्रैंडस्लैम जीतने वाले खिलाड़ी हैं। लेकिन फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में वह सिनर की सटीकता और तेज फोरहैंड का मुकाबला नहीं कर सके। मैच हारने के बाद जोकोविच निराश दिखे। वह भावुक भी हो गए और उन्होंने कहा कि यह फ्रेंच ओपन में उनका आखिरी मैच भी हो सकता है। हार के बाद उन्होंने हाथ चूमा और फिर उसे मिट्टी पर रख दिया।