राजा रघुवंशी हत्याकांड: पत्नी सोनम ने प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश, गाजीपुर में किया सरेंडर

By: PalPal India News
June 9, 2025

इंदौर। इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। मेघालय के शिलांग में हुए इस हत्याकांड की मास्टरमाइंड खुद उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी निकली। सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में सरेंडर कर दिया है। साथ ही इस साजिश में शामिल मध्यप्रदेश के तीन हमलावरों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अन्य हमलावर की तलाश जारी है। मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने सोशल मीडिया पर इस संबंध में जानकारी साझा की।

सोनम की बरामदगी को लेकर अलग-अलग बयान सामने आए हैं।

  • गाजीपुर एसपी डॉ. ईरज राजा के अनुसार, गश्त के दौरान नंदगंज के काशी ढाबा पर एक महिला बेहोश हालत में मिली, जिसकी पहचान सोनम रघुवंशी के रूप में हुई।

  • वहीं सोनम के पिता देवी सिंह का कहना है कि रात करीब 2 बजे सोनम ने ढाबे वाले से फोन करवाकर अपने भाई गोविंद को बुलवाया। इसके बाद परिजनों ने उससे बात की।

मेघालय डीजीपी का बयान

मेघालय के डीजीपी ने पुष्टि की है कि सोनम ने अपने पति राजा की हत्या के लिए सुपारी किलर हायर किए थे। आरोपी हमलावरों में विशाल सिंह, आनंद कुर्मी और आकाश राजपूत शामिल हैं। ये तीनों मध्यप्रदेश के निवासी हैं। मुख्य आरोपियों में से एक अब भी फरार है।

पिता का दावा – बेटी बेगुनाह है

सोनम के पिता देवी सिंह रघुवंशी ने पुलिस के दावे को सिरे से नकारा है। उनका कहना है कि उनकी बेटी निर्दोष है और मेघालय पुलिस ने झूठी कहानी गढ़ी है। “हमारी किसी से दुश्मनी नहीं है। जब बेटी सामने आएगी, सारा सच उजागर हो जाएगा।”

मां का बयान – राजा को खोने का गहरा दुख

सोनम की मां का कहना है कि उन्हें राजा की मौत का बेहद दुख है। वर्तमान में सोनम को गाजीपुर के वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है, जो हिंसा से प्रभावित महिलाओं के लिए एक आश्रय स्थल है।

सोनम का प्रेम-प्रसंग और हत्या की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया है कि सोनम का अपने बिजनेस में काम करने वाले कर्मचारी राज कुशवाह से प्रेम संबंध था। राज सोनम से उम्र में पांच साल छोटा है और उसकी कंपनी में बिलिंग का काम करता था। सोनम और राजा की 11 मई को शादी हुई थी, लेकिन सोनम पहले से ही राज से प्रेम करती थी।

राज ने अपने दोस्तों विशाल, आनंद और आकाश के साथ मिलकर राजा की हत्या की योजना बनाई। तीनों हमलावरों को गुवाहाटी भेजा गया। जब सोनम और राजा शिलांग पहुंचे, तो हमलावर भी वहां पहुंच गए और बाइक किराए पर लेकर राजा की रेकी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *