‘बिग बॉस ओटीटी 3’ की विनर सना मकबूल अस्पताल में भर्ती

By: PalPal India News
June 9, 2025

‘बिग बॉस ओटीटी 3’ की विनर और अभिनेत्री सना मकबूल इन दिनों एक गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। उन्हें ऑटोइम्यून हेपेटाइटिस नामक लिवर की बीमारी हो गई है, जिसके चलते उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सना का इलाज जारी है। सना की करीबी दोस्त और डॉक्टर आशना कंचवाला ने सोशल मीडिया पर सना की एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वह अस्पताल के बेड पर बैठी नजर आ रही हैं और उनके हाथों में IV ड्रिप्स लगी हुई हैं। आशना ने लिखा, “माई स्ट्रॉन्गेस्ट दीवा। तुम जिस मजबूती और हिम्मत से इस गंभीर बीमारी से लड़ रही हो, उस पर मुझे गर्व है।” उन्होंने सना के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।

यह खबर ऐसे समय सामने आई है जब हाल ही में ईद के मौके पर सना ने अपनी एक खूबसूरत तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी, जिसमें वह लाल लहंगे में मुस्कुराती नजर आ रही थीं। अब उनकी बिगड़ती तबीयत की खबर से उनके फैंस काफी चिंतित हैं।

मार्च में एक पॉडकास्ट के दौरान सना ने पहली बार अपनी बीमारी का खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि वह 2020 से ऑटोइम्यून हेपेटाइटिस से पीड़ित हैं। यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें शरीर की इम्यून सिस्टम ही लिवर पर हमला करने लगती है। सना ने यह भी बताया था कि इस बीमारी के लक्षण आसानी से नजर नहीं आते, लेकिन इसके अंदरूनी प्रभाव काफी गंभीर होते हैं। उन्होंने यह स्वीकार किया था कि करियर के शुरुआती समय में उन्हें मजबूरी में ब्रेक लेना पड़ा था और तब से वह अपनी सेहत पर ध्यान दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *