नई दिल्ली: मशहूर हैरी पॉटर (Harry Potter) सीरीज को अब टीवी शो के रूप में फिर से पेश करने की तैयारी चल रही है। लेकिन शो शुरू होने से पहले ही एक कास्टिंग फैसले को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया है। HBO ने हाल ही में घोषणा की कि इटालियन एक्ट्रेस एलेसिया लियोनी (Alessia Leoni) को पार्वती पाटिल के किरदार में कास्ट किया गया है। इस खबर के बाद भारतीय और दक्षिण एशियाई फैंस ने नाराजगी जाहिर की है।
फैंस का कहना है कि “सिर्फ स्किन टोन से किसी को भारतीय मान लेना गलत है।” कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने सवाल उठाए कि क्या किसी किरदार की सांस्कृतिक पहचान इतनी सतही हो सकती है कि सिर्फ रंग देखकर ही कास्टिंग कर दी जाए?
Reddit और X (पहले ट्विटर) पर फैंस ने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की।
एक Reddit यूज़र ने लिखा:
“हर बार हॉलीवुड को आधे-गोरे, आधे-दक्षिण एशियाई कलाकार ही क्यों मिलते हैं? क्या हमें कभी असली भारतीय चेहरे देखने को नहीं मिलेंगे?”
वहीं, एक यूज़र ने X पर तंज कसा:
“पार्वती पाटिल का रोल निभाने वाली लड़की सिर्फ ब्राउन दिखती है, लेकिन वह भारतीय नहीं है। क्या यही विविधता (Diversity) है?” यह पहली बार नहीं है जब हैरी पॉटर सीरीज की कास्टिंग को लेकर सवाल उठे हैं। इससे पहले सीवेरस स्नेप के किरदार में जब Paapa Essiedu (एक अश्वेत अभिनेता) को चुना गया था, तब भी फैंस ने आपत्ति जताई थी।
अब पार्वती पाटिल के मामले में बहस इस बात पर है कि भारतीय प्रतिनिधित्व केवल दिखावे तक सीमित क्यों रखा जा रहा है? फैंस चाहते हैं कि इस तरह के किरदारों में भारतीय संस्कृति, भाषा और असली पहचान भी झलके।
हैरी पॉटर की दुनिया में पार्वती पाटिल और पद्मा पाटिल जैसे किरदार भारतीय उपस्थिति का प्रतिनिधित्व करते हैं।
मूल फिल्मों में इन भूमिकाओं में ब्रिटिश-बांग्लादेशी अभिनेत्रियां शेफाली चौधरी और अफशान आजाद थीं, जिन्हें यूके के स्कूल ऑडिशन्स के जरिए चुना गया था।
इसी वजह से फैंस की उम्मीद थी कि नई सीरीज में कोई भारतीय या दक्षिण एशियाई मूल की एक्ट्रेस को मौका मिलेगा। लेकिन जब एक इटालियन मूल की अभिनेत्री को चुना गया, तो फैंस को यह निर्णय संस्कृति की अनदेखी लगा। HBO ने सोमवार को कुल दस किरदारों के नामों की घोषणा की, जिनमें पार्वती पाटिल की कास्टिंग सबसे ज्यादा चर्चा में रही।
घोषित कलाकारों में शामिल हैं:
कैथरीन पार्किंसन – मॉली वीस्ली
लॉक्स प्रैट – ड्रेको माल्फॉय
जॉनी फ्लिन – ल्यूसियस माल्फॉय
लियो अर्ली – सीमस फिन्निगन
सिएना मूसाह – लैवेंडर ब्राउन
बेल पॉवली – पेटुनिया डर्स्ली
डैनियल रिग्बी – वर्नन डर्स्ली
बर्टी कार्वेल – कॉर्नेलियस फज
हालांकि, सबसे ज्यादा विवाद पार्वती पाटिल की कास्टिंग को लेकर ही छाया रहा।