‘कोई सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाता दिखे तो वीडियो बनाएं, सरकार सबक सिखाएगी’- सीएम योगी

By: PalPal India News
June 12, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से सार्वजनिक संपत्ति की देखरेख करने की अपील की है। सीएम योगी ने कहा कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति जवाबदेही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले का वीडियो बनाएं। सरकार उससे वसूली का काम अपने आप करेगी।

उन्होंने कहा है कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाता नजर आता है तो उसे रोकना चाहिए और नहीं मानने पर उसका वीडियो बनाकर वायरल करना चाहिए। इसके बाद आरोपी के पोस्टर लगाने और उससे नुकसान की भरपाई करने का काम सरकार खुद कर लेगी। इस दौरान उन्होंने बेड़-बुजुर्गों सम्मान और समाज के प्रति जिम्मेदारी की अहमियत भी बताई।

योगी आदित्यनाथ ने कहा “राष्ट्र के प्रति हमारी जवाबदेही होनी चाहिए, कोई भी सम्पत्ति राज्य की नहीं, समाज की होती है। जो व्यक्ति समाज की सम्पत्ति नष्ट करता है तो आप मोबाइल फोन में वीडियो बनाकर उसको वायरल कर सकते हैं। बाकी उसके पोस्टर लगाकर उसको सबक सिखाने के लिए और वसूली करने के लिए सरकार है।”

दंगाइयों से पैसे वसूल चुकी है योगी सरकार

उत्तर प्रदेश सरकार ने 2019-2020 में नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान हुए नुकसान की वसूली तोड़फोड़ करने वाले लोगों से की थी। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने दंगों और प्रदर्शनों के दौरान सार्वजनिक और निजी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रदर्शनकारियों से वसूली करने की नीति लागू की थी। इसके तहत, सरकार ने नोटिस जारी किए और कुछ मामलों में संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की थी। हालांकि, बाद में कोर्ट ने इस पर रोक लगा दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *