अहमदाबाद: गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय रूपाणी का आज एक दुखद विमान हादसे में निधन हो गया। 68 वर्षीय रूपाणी एयर इंडिया की फ्लाइट एआई171 से अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट जा रहे थे। उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही विमान हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि वह बिजनेस क्लास में 2डी सीट पर बैठे हुए थे।
विजय रूपाणी ने अगस्त 2016 से सितंबर 2021 तक गुजरात के 16वें मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने राज्य में निवेश, आधारभूत संरचना और सामाजिक कल्याण योजनाओं को प्राथमिकता दी थी।
रूपाणी का जन्म 2 अगस्त 1956 को रंगून (वर्तमान यांगून, म्यांमार) में हुआ था। राजनीतिक अशांति के चलते उनका परिवार गुजरात के राजकोट आकर बस गया। उन्होंने सौराष्ट्र विश्वविद्यालय से बीए और एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। रूपाणी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़कर की थी।
1987 में वह पहली बार राजकोट नगर निगम के पार्षद बने। इसके बाद 1996-97 में वे राजकोट के मेयर रहे। रूपाणी कई बार गुजरात विधानसभा के सदस्य चुने गए। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और ईमानदार छवि ने उन्हें गुजरात की राजनीति में एक मजबूत स्थान दिलाया। 2016 में आनंदीबेन पटेल के इस्तीफे के बाद उन्हें मुख्यमंत्री बनाया गया।
रूपाणी ने 2017 के विधानसभा चुनावों के बाद भी मुख्यमंत्री पद संभाला और कोविड-19 महामारी जैसी चुनौतियों के दौरान सरकार का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल में ‘डिजिटल सेवा सेतु’ योजना के जरिए ग्रामीण इलाकों में डिजिटल सुविधा पहुंचाने और ‘सुजलाम सुफलाम जल अभियान’ के माध्यम से जल प्रबंधन को बेहतर बनाने पर खास ध्यान दिया गया। साथ ही, गुजरात औद्योगिक नीति 2020 की शुरुआत और आदिवासी समुदाय के लिए नई योजनाएं भी उनके प्रमुख कार्यों में शामिल रहीं।