जबलपुर। दमोह नाका चौक पर चल रहे सड़क, नाली और अन्य निर्माण कार्यों के कारण गुरुवार रात 12 बजे से इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान रास्ता बंद करने के लिए हार्ड बेरिकेटिंग की जाएगी। अब इस मार्ग से गुजरने वाले सभी वाहनों को वैकल्पिक रूट से डायवर्ट कर दिया जाएगा।
निर्माण कार्य के कारण लिया गया फैसला
लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री शिवेंद्र सिंह ने बताया कि दमोह नाका चौक पर सड़क, नाली और अन्य निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं। अभी तक स्थानीय स्तर पर कुछ हिस्सों का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन भारी ट्रैफिक के कारण निर्माण कार्य और मशीनों का मूवमेंट आगे संभव नहीं हो पा रहा था। इसी वजह से अब पूरा मार्ग वाहनों के लिए बंद किया जा रहा है।
स्थल निरीक्षण के बाद तय हुए डायवर्जन रूट
शिवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस और निर्माण एजेंसी के साथ मिलकर गुरुवार को स्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के बाद ट्रैफिक डायवर्जन की योजना तैयार की गई है।
आधारताल से दमोह नाका की ओर आने वाला ट्रैफिक
मेट्रो बस, भारी वाहन, कार, ऑटो और ई-रिक्शा: गोहलपुर थाने से अमखेरा रोड होते हुए खजरी बायपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
दोपहिया वाहन: शांति नगर चौक से दाहिने होकर पाटन मार्ग की ओर डायवर्ट होंगे।
रानीताल चौक से दमोह नाका की ओर आने वाला ट्रैफिक
मेट्रो बस, भारी वाहन, कार, ऑटो और ई-रिक्शा: बल्देवबाग चौक से एमआर-4 रोड की ओर बाईं तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
दोपहिया वाहन: गोपाल आर्केड पिलर नंबर 33 से बाईं ओर डायवर्ट किए गए रूट का उपयोग करेंगे।
पाटन एवं आईएसबीटी चौक से दमोह नाका की ओर आने वाला ट्रैफिक
मेट्रो बस, भारी वाहन, कार, ऑटो और ई-रिक्शा: आईएसबीटी से खजरी बायपास होते हुए अमखेरा रोड की तरफ डायवर्ट होंगे।
दोपहिया वाहन: मेट्रो हॉस्पिटल की बाईं ओर बने डायवर्टेड रूट का उपयोग कर सकेंगे।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे डायवर्टेड रूट का पालन करें और अनावश्यक रूप से इस क्षेत्र में न जाएं ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरा किया जा सके और ट्रैफिक व्यवस्था बनी रहे।