छत्तीसगढ़: जांजगीर-चांपा जिले से एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक महिला सरकारी गाड़ी की बोनट पर बैठकर जन्मदिन का केक काटती नजर आ रही है। खास बात यह है कि जिस गाड़ी का इस्तेमाल किया गया है, उस पर नीली बत्ती भी लगी हुई है, जो इसे स्पष्ट रूप से एक सरकारी वाहन साबित करती है।
जानकारी के मुताबिक, वीडियो में नजर आने वाली महिला जिले के डीएसपी तस्लीम आरिफ की पत्नी फरहीन खान हैं। फरहीन खान अपने दोस्तों के साथ एक रिसॉर्ट में जन्मदिन मना रही थीं और इस दौरान सरकारी गाड़ी को निजी समारोह के लिए एक प्रॉप की तरह इस्तेमाल किया गया।
वीडियो में फरहीन खान गाड़ी की बोनट पर बैठी हुई हैं, जहां केक और फूलों का गुलदस्ता रखा गया है। एक अन्य क्लिप में वह गाड़ी के विंडस्क्रीन पर स्नो स्प्रे से पहले “32” और फिर “33” लिखती हैं, जिसे ड्राइवर सीट पर बैठा व्यक्ति वाइपर से साफ करता है। इस दौरान गाड़ी के सभी दरवाजे और डिक्की खुले हुए हैं और फरहीन अपनी सहेलियों के साथ रील बनाती नजर आ रही हैं।
सरकारी गाड़ी का इस तरह से निजी उपयोग नियमों का सीधा उल्लंघन माना जाता है। सामान्यतः सरकारी वाहनों का उपयोग केवल आधिकारिक कार्यों के लिए किया जा सकता है। नीली बत्ती लगी गाड़ी का जन्मदिन मनाने और वीडियो बनाने जैसे निजी कार्यों में प्रयोग करना नियमों के खिलाफ है, खासकर जब यह वाहन किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के नाम पर रजिस्टर्ड हो।