अहमदाबाद प्लेन क्रैश: डीएनए जांच से 11 शवों की पहचान

By: PalPal India News
June 15, 2025

अहमदाबाद. 2 जून को हुए एयर इंडिया विमान हादसे के बाद बड़ी अपडेट सामने आई है। अहमदाबाद सिविल अस्पताल के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि डीएनए जांच के जरिए 11 शवों की पहचान हो चुकी है। बीजे मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉ. रजनीश पटेल ने बताया कि इनमें से एक शव शनिवार को परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि दो अन्य शवों को जल्द सौंपने की प्रक्रिया चल रही है।

डॉ. पटेल ने अपील करते हुए कहा, “जिन शवों की पहचान हो जाती है, उनके परिजनों को तुरंत सूचना दी जाती है। कृपया कोई भी परिवार बिना सूचना के अस्पताल न आए।” इससे पहले पहचान के आधार पर आठ शव पहले ही परिजनों को सौंपे जा चुके हैं।

मलबे से अब तक निकाले गए 270 शव
डॉक्टरों के अनुसार, अब तक हादसे के मलबे से करीब 270 शव बरामद किए गए हैं। हादसे में केवल एक व्यक्ति, विश्वास कुमार रमेश, चमत्कारिक रूप से बच पाए हैं। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत अब स्थिर है और वह धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहे हैं।

चूंकि अधिकतर शव बुरी तरह से जले और क्षत-विक्षत हो गए हैं, इसलिए डीएनए जांच ही एकमात्र पहचान का जरिया बचा है। इस प्रक्रिया को तेज करने के लिए राज्य के गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी ने शनिवार को एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि राज्य और केंद्र से आए विशेषज्ञ 24×7 लगातार काम कर रहे हैं ताकि जल्द से जल्द शवों की पहचान कर उन्हें परिजनों को सौंपा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *